चकबंदी लेखपाल परीक्षा में रविवार को विभिन्न कालेजों मेें हुए बवाल और हंगामे के चलते चार केंद्रों की परीक्षा रद्द कर वहां दुबारा परीक्षा कराने की रिपोर्ट प्रभारी जिलाधिकारी ने सचिव अधीनस्थ सेवा आयोग को भेज दी है। \
चंडेश्वर इंटर कालेज में बवाल मामले में तीन कक्ष निरीक्षकों और एक परीक्षार्थी को नामजद करते हुए सात लोगों के खिलाफ सिधारी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जिन केंद्रों की परीक्षा रद्द करने की सिफारिश की गई है उनमें गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बाबू रघुनाथ महिला विद्यालय, मां शारदा कालेज खोर्रमपुर और विकास मेमोरियल पीजी कालेज गंभीरपुर तथा चंडेश्वर इंटर कालेज शामिल है।
बता दें कि सुबह की पाली की परीक्षा तो सकुशल संपन्न हो गई लेकिन दूसरी पाली में बाबू रघुनाथ महिला विद्यालय, मां शारदा कालेज खोर्रमपुर और विकास मेमोरियल पीजी कालेज गंभीरपुर में पेपर करीब आधे घंटे विलंब से पहुंचा।
बताया गया कि पेपर लेकर आ रहे तहसीलदार लालगंज की गाड़ी जाम में फंस गई थी। पेपर विलंब से मिलने पर छात्रों ने हंगामा कर दिया था। उधर, चंडेश्वर कालेज में कक्ष निरीक्षक अरुण सिंह द्वारा एक छात्र को नकल कराने से गुस्साए छात्र परीक्षा छोड़ कर बाहर आ गए और 69 छात्रों ने अपनी कापियां फाड़ दीं थी।
तहसीलदार के निर्देश पर देर शाम कालेज के केंद्राध्यक्ष उग्रसेन सिंह ने चंडेश्वर कालेज के अध्यापक अरुण सिंह, कक्ष निरीक्षक सुरेश सिंह यादव, दिलीप कुमार और छात्र देवेंद्र मौर्य सहित सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
एसओ सिधारी रामनरेश यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रभारी डीएम एवं सीडीओ महेंद्र वर्मा ने बताया कि इन चारों परीक्षा केंद्रों की परीक्षा रद्द करने और दोबारा परीक्षा कराने की रिपोर्ट सचिव अधीनस्थ सेवा आयोग को भेज दी गई है।