देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चेवार डोमनपुर गांव में रविवार की रात दस बजे चुनाव प्रचार कर लौट रहे बीडीसी प्रत्याशी के पति की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना का कारण चुनावी रंजिश बताई जा रही है। एसपी समेत पुलिस के आला अधिकारियों मौके पर पहुुंच गए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डोमनपुर गांव निवासिनी संगीता देवी क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। रविवार की शाम उनके पति साहब लाल राम (37) पुत्र सिधारी समर्थकों संग प्रचार कर घर लौट रहे थे। रात दस बजे वह गांव के पास पहुंचे थे कि अचानक गमछे से मुंह बांधे बाइक सवार वहां आ धमके। साहब लाल और समर्थक कुछ समझ पाते कि बदमाशों ने साहब लाल पर अंधाधुंध फायरिंग की। गोली साहब लाल के हाथ को छेदते हुए सीने में जा धंसी।
वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। समर्थक आनन-फानन में उन्हें सीएचसी लालगंज ले गए जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही एसपी राकेश चंद्र साहू समेत पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर जा पहुंचे और जानकारी हासिल की। बताया जा रहा है कि साहब लाल को चुनाव से हटने के लिए लगातार धमकी मिल रही थी। एसपी राकेशचंद्र साहू ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।