एसबीआई लखनऊ शाखा प्रबंधक बताकर एक जालसाज ने थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड का नंबर और गुप्त कोड पूछा और उसके खाते से 2.35 लाख रुपये निकाल लिए। एकाउंट से रुपया निकाले जाने की सूचना से हलाकान सेवा के जवान ने एसपी से गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अतरौलिया थाने की पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच करने में जुटी है।
रामपुर गांव निवासी अश्वनी कुमार मिश्रा सीमा सुरक्षा बल में जेसीओ के पद हैं। वह सिक्किम के गंगटोक में तैनात हैं। बूढ़नपुर बाजार स्थित स्टेट बैंक में उनका खाता है। अश्वनी के मुताबिक 20 नवंबर को उनके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम अंकित शर्मा बताया।
कहा कि वह स्टेट बैंक आफ इंडिया के लखनऊ शाखा का प्रबंधक है। अश्वनी से अपग्रेड करने के लिए एटीएम कार्ड का नंबर और गुप्त कोड पूछा। शाखा प्रबंधक समझकर अश्वनी ने सब कुछ बता दिया। इसके बाद जालसाज उनके खाते से 2.35 लाख रुपया निकाल लिए।
मोबाइल पर अलर्ट मैसेज की सुविधा न होने की वजह से जवान को रुपया निकाले जाने की जानकारी तब हुई, जब वह 26 नवंबर को रुपया निकालने के लिए गंगटोक स्थित बैंक पहुंचा। बैलेंस चेक करने पर खाते से रुपया निकाले जाने की जानकारी होने से हलाकान अश्वनी वहीं से एसपी आजमगढ़ को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसओ कृपाशंकर मौर्य ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।