जियासड़ मोड़ पर शुक्रवार की रात साढ़े 12 बजे भैंस चोरी करके भाग रहे पिकअप सवार पशु तस्करों ने बाइक से पीछा कर रहे बीडीसी को लाठी-डंडे से पीटकर गोली मार दी। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। उसकी तहरीर पर एक नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मेंहनगर थाने के धरनीपुर रानीपुरा गांव निवासी इंद्रजीत यादव (45) पूर्व प्रधान रह चुके हैं। फिलहा वह क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) चुने गए हैं। शुक्रवार को वह पल्हना ब्लाक प्रमुख पद के उम्मीदवार अवधेश यादव के साथ जनसंपर्क में गए थे। रात करीब 11.30 बजे घर लौटे। भोजन आदि के बाद 12 बजे वह सोने के लिए अपने कमरे में गए। तभी घर से सटे पशुशाला के पास किसी गाड़ी के स्टार्ट होने का आहट मिली।
टार्च लेकर इंद्रजीत बाहर निकले। पिकअप सवार उनकी भैंस को गाड़ी में लाद चुके थे। पड़वा लाने के लिए दो लोग भीतर गए लेकिन इंद्रजीत को देखकर गाड़ी लेकर भाग निकले। इंद्रजीत भी बाइक से उनका पीछा करने लगे। पशु तस्कर मेंहनगर कस्बा, देवरिया चट्टी होते हुए जियासड़ मोड़ के पास पहुंच गए।
इस दौरान मौका देखकर इंद्रजीत अपनी बाइक पिकअप के आगे कर उन्हें रोकना चाहे। तस्कर इंद्रजीत को अपने बराबर आने पर लाठी डंडे से पीटते हुए गिरा दिए और एक ने गोली मार दी। जो उनके सिर में लगी। बदमाश भाग गए। कुछ ही देर में उनके गांव के लोग वहां पहुंच गए और जिला अस्पताल में भर्ती कराए।
बताया जाता है कि करीब दो माह पूर्व इंद्रजीत के पांच भैंसों को जहर देकर मार डाला गया। उस मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज करने के बाद भी पुलिस मौन रही। सीओ लालगंज एसपी तोमर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।