ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के लसड़ा खुर्द देवापुर गांव निवासी बटंकी बिंद (58) की लाश शनिवार की सुबह गांव के बाहर स्थित सिवान में स्थित कुएं में पड़ी थी। शनिवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस पहुंची और लाश को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी।
बटंकी बिंद पांच बेटी और चार बेटों का पिता था। उसकी पत्नी प्रेमा देवी ने बताया कि शुक्रवार को वह सिवान में स्थित गेहूं के खेत की सिंचाई करने गए थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। शक होने पर परिवार के लोग रात को ही तलाश किया पर कोई सफलता नहीं मिली। शनिवार की सुबह गांव के सिवान में स्थित कुएं में देखा गया तो बटंकी की लाश तैर रही थी। प्रभारी निरीक्षक बरदह राजकुमार सिंह ने बताया कि लाश पीएम को भेजवा दी गई है। परिवारवालों का अभी कोई आरोप नहीं है। रिपोर्ट के जरिए मौत का कारण स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।