अतरौलिया। नगर पंचायत अतरौलिया के रहने वाले रेडीमेड कपड़ों के बड़े व्यापारी नवनीत जायसवाल की दुकान के बाहर बुधवार की रात करीब नौ बजे हवाई फायर कर पर्ची फेंककर फरार होने वाले बदमाशों का पुलिस दूसरे दिन गुरुवार तक कोई पता नहीं लगा सकी। घटना के संबंध में व्यवसाई की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई फोटो के जरिए बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
अतरौलिया बाजार निवासी नवनीत जायसवाल रेडीमेड कपड़ों के बड़े व्यवसाई हैं। इनके यहां हमेशा ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है। बुधवार की रात करीब नौ बजे नवनीत अपनी दुकान में मौजूद थे। तभी एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे और हवा में फायर कर दिया। दुकान के बाहर गोली चलने से हडक़ंप मच गया। लोग जब तक कुछ समझ पाते कि बदमाश एक पर्ची फेंककर फरार हो गए। जिसमें क्षेत्र के एक मनबढ़ का नाम से चेतावनी लिखी हुई थी। घटना से बाजार में दहशत मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे। घटना के संबंध में नवनीत जायसवाल ने तहरीर देकर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। बता दें कि नवजीत जायसवाल से करीब ढाई वर्ष पूर्व एक बदमाश ने रंगदारी मांगी थी। हालांकि बाद में मामला ठंडा पड़ गया। पुलिस दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। बताबया जाता है कि बदमाशों ने जिसके नाम की पर्ची फेंकी है। उसको दोपहर को अतरौलिया बाजार में देखा गया था, लेकिन उस समय वह अकेले थे। जबकि नवनीत की दुकान के बाहर फायर करने वाले बदमाश दो की संख्या में थे। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।