आजमगढ़। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मारपीट की घटनाओं में सोमवार को सोलह लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई। महराजगंज, दीदारगंज और सरायमीर थाना क्षेत्रों में मारपीट की घटनाएं घटित हुई। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महराजगंज थाना क्षेत्र के अवसानपुर गांव निवासी तिलकधारी पुत्र रामपलट ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के ही कालीचरण और रामअवध 9 जनवरी को घर पर चढ़ आए थे और उसे मारपीट कर घायल कर दिया। इसी क्रम में दीदारगंज थाना क्षेत्र के जेठहरी गांव निवासिनी इसराजी पत्नी राम किशोर ने भी गांव के दस लोगों के खिलाफ सोमवार को थाने में तहरीर दी। पीड़िता का आरोप है कि उसके पुत्र को जान से मारने के लिए गांव के ही त्रिवेणी, पिंटू, मुन्ना, बंटी, धनंजय, मंटु, करिया, अंकित, लुपाटु और गब्बर उसके घर पर चढ़ आए। उक्त लोग तलवार आदि धारदार हथियारों से लैस थे। इन लोगों ने परिजनों को मारने-पीटने के साथ ही जानमाल की भी धमकी दी। सरायमीर थाना क्षेत्र के सुरही बुजुर्ग गांव में जमीनी विवाद को लेकर दस जनवरी को दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। मारपीट की इस घटना में एक पक्ष के मानचंद चौहान पुत्र गज्जु ने दूसरे पक्ष के गुलाबचंद्र, ऊषा, रानी और अर्चना के खिलाफ नामजद तहरीर थाने पर दी। तीनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।