दहेज की मांग पूरी न होने पत्नी को घर से खदेड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। दहेज की मांग पूरी न होने से गुस्साए पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर विवाहिता की धुनाई कर उसे घर से बाहर खदेड़ दिया।
सिंभावली क्षेत्र के गांव रझैड़ा निवासी मूलचंद ने थाना बहादुरगढ़ में तहरीर दी है। इसमें उल्लेख किया है कि उसकी बेटी सतेंद्री की शादी करीब डेढ़ साल पहले गांव करीमपुर निवासी विकास के साथ हुई थी। इसमें उसने अपनी हैसियत के मुताबिक काफी सामान उपहार स्वरूप दिया था, लेकिन दामाद विकास समेत उसके परिजन संतुष्ट नहीं हो पाए। वे तभी से उसकी बेटी को प्रताड़ित करते आ रहे थे, लेकिन अब स्कार्पियो और 11 लाख की रकम मायके से लाने की मांग पूरी न होने पर उन्होंने सतेंद्री को मारपीट कर घर से खदेड़ दिया है। उसने जैसे-तैसे अपने मायके में पहुंचकर आपबीती सुनाई है। इंस्पेक्टर डालचंद सिंह का कहना है कि दहेज उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों पर अब सीधे मुकदमा दर्ज करना मुमकिन नहीं है। क्योंकि हाईकोर्ट ने रिपोर्ट लिखने से पहले मीडिएशन कानून के तहत दोनों पक्षों में आपसी वार्ता कराने का आदेश दिया हुआ है।