आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के हरवंशपुर स्थित आरटीओ दफ्तर के पास शनिवार की शाम को अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से स्कूटी सवार दो सगे साढ़ू की मौत हो गई। यह दोनों बेटी की शादी का निमंत्रण बांट रहे थे। घटना के समय बगैर हेलमेट पहने ही स्कूटी चला रहे थे। इनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शादी का माहौल गम में बदल गया।
मृतकों में धनेश्वर (27) पुत्र लालचंद तहबरपुर थाने के लखमनपुर गांव और सुरेश (40) पुत्र सदलू फूलपुर कोतवाली के भैसाडीह गांव के थे। सुरेश की बेटी की शादी सात मार्च को होनी है। ऐसे में सुरेश और धनेश्वर शादी का निमंत्रण बांटने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही दोनों जिला मुख्यालय से तहबरपुर की ओर जाने के लिए सिधारी थाना क्षेत्र के हरवंशपुर स्थित आरटीओ दफ्तर के पास पहुंचे कि सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। इस दौरान दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने धनेश्वर को मृत घोषित कर दिया। जबकि सुरेश की इलाज के दौरान रविवार की भोर में मौत हो गई। धनेश्वर दो भाईयों में छोटा था। जबकि सुरेश तीन बेटा और एक बेटी का पिता था। हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।