लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के अराजी देवारा नैनीजोर नई बस्ती में बुधवार की सुबह करेंट लगने से बालक की मौत हो गई। जबकि बालिका झुलस गई। उसका क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा। हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार के लोग इसके लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार मानते हुए इनके विरुद्ध कार्रवाई और मुआवजे की मांग करते हुए करीब डेढ़ बजे थाना गेट पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब एक घंटे बाद एसडीएम सगड़ी मौके पर पहुंचे और मागों को पूरा करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने मां की तहरीर के आधार पर एसडीओ और जेई के विरुद्ध केस दर्ज कर लाश पीएम को भेजवा दी। मृत बालक विकास (10) पुत्र मातबर साहनी था। चार भाई और चार बहनों में छोटा विकास रौनापार थाने के अराजी देवारा नैनीजोर नई बस्ती का रहने वाला था। जबकि झुलसी बालिका भूमि साहनी (6) पुत्री अमरनाथ गोरखपुर जिले के गगहा थाने के मझगांवा गांव की रहने वाली है। मातबर के बहन की वह बेटी है। इन दिनों ननिहाल में आई थी। मातबर के घर से करीब सौ मीटर दूर सरकारी ट्यूबवेल स्थित है। जहां बुधवार की सुबह दोनों खेलते हुए पहुंचे। ट्यूबवेल के पास विद्युत तार टूटकर गिरा हुआ था। जिसको छूते ही दोनों झुलस गए। परिवार के लोग जब तक इन्हें अस्पताल ले जाने का प्रबंध करते कि विकास की मौत हो गई। जबकि भूमि साहनी का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा। घटना के लिए परिवार के लोग विद्युत विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार मानते हुए इनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग किए, पर सुनवाई न होने पर विकास की लाश लेकर रौनापार थाना गेट पर पहुंचे और तिराहे पर लाश रखकर रौनापार-लाटघाट और बिलरियागंज मार्ग जाम कर दिया। करीब डेढ़ बजे से लगा जाम एक घंटे बाद एसडीएम सगड़ी पंकज श्रीवास्तव के आश्वासन पर समाप्त हुआ। एसडीएम ने परिवार को पांच लाख रुपये का मुआवजा और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों का लंबी कतार लग गई थी।
एसडीओ और जेई पर दर्ज हुआ मुकदमा
लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के अराजी देवाना नैनीजोर नई बस्ती में बुधवार की सुबह करेंट लगने से गांव के दस वर्षीय बालक विकास की मौत हो गई। जबकि छह वर्षीय भूमि साहनी का इलाज चल रहा। इस घटना के लिए विकास की मां दूइजी देवी ने रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर दी। इसमें विद्युत उपकेंद्र रौनापार के एसडीओ और जेई को आरोपित किया है। पुलिस इन दोनों अधिकारियों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर विकास की लाश पीएम को भेजवा दी।