जहानागंज। थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव के पास नहर की पटरी पर सोमवार की सुबह घुमाते समय छात्रों से भरी बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। इसमें चार छात्र घायल हो गए। जबकि अन्य को मामूली चोटें आई। घायल छात्रों को राजकीय मेडिकल कालेज चक्रपानपुर में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के बाद डाक्टर ने तीन छात्रों को छोड़ दिया। जबकि हालत गंभीर देख एक छात्र को अभी भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल छात्रों में आशुतोष सिंह (10) पुत्र सतीश, कार्तिक सिंह उर्फ लकी (07) उसका भाई नौतिक (05) पुत्र चंदन, और प्रियांशु सिंह (08) पुत्र धर्मेंद्र का नाम शामिल है। यह सभी जहानागंज थाने के किशनपुर गांव के निवासी हैं। यह सभी छात्र जहानागंज थाना क्षेत्र के डीहा गांव में स्थित एक स्कूल में पढ़ते हैं। सभी बच्चे स्कूल की बस से आते-जाते हैं। सोमवार की सुबह स्कूल खुलने पर करीब नौ बजे बस गांव में पहुंची। गांव के 15 से अधिक छात्र-छात्राओं को बस में बैठकर स्कूल जा रहे थे। किशनपुर नहर के पास चालक बस को घुमाने लगा। इस दौरान बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। इसमें अन्य छात्रों को मामूली चोटें आई। जबकि यह चारों घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को चक्रपानपुर बाजार के पास स्थित राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां सघन इलाज के बाद तीन छात्रों को घर भेज दिया गया। जबकि एक छात्र की हालत गंभीर देख डाक्टर उसे भर्ती कर इलाज कर रहे हैं। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
गड्ढे में पलटी स्कूल की बस, चार छात्र घायल