आजमगढ़। अतरौलिया थाने की पुलिस पर फायर कर साथियों संग फरार हुए ट्रक लूट गिरोह के मुख्य सरगना पिंटू यादव सहित अन्य सदस्यों की तलाश में आजमगढ़ के अलावा जौनपुर और इलाहाबाद जिले की पुलिस भी जुट गई है।
20 जुलाई को अतरौलिया थाने की पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि ट्रक पर लदी 50 टन से अधिक सरिया और ट्रक बेचने के लिए कुछ बदमाश मदियापार बाजार में खड़े हैं। ग्राहक से सौदा तय हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो मुख्य सरगना पिंटू यादव सहित अन्य पुलिस पर फायर कर भाग गए । जबकि वाराणसी रामनगर के रहने वाला प्रदीप साहनी और गंभीरपुर थाने के सुरजापुर गांव निवासी चंद्रेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। इन दोनों से हुई पूछताछ के दौरान पता चला कि फरार होने वाले बदमाशों में जहानागंज थाने के सारीसाथ गांव निवासी पिंटू यादव, अतरौलिया थाने के मदियापार बाजार निवासी बबलू जायसवाल आदि के नाम का खुलासा हुआ। पता चला कि इस गिरोह का मुख्य सरगना पिंटू यादव है। यह लोग ट्रक पर लदे माल को लूटते हैं। गिरोह ने जौनपुर, इलाहाबाद में भी इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दिया हैं। वहां की पुलिस द्वारा भी इनके ऊपर ईनाम घोषित किया गया है। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रक लूट गिरोह के सरगना पिंटू यादव सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश में आजमगढ़ सहित अन्य जिलों की पुलिस भी लगी हुई है। इनके संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही।