आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली के अमनाबाद गांव निवासी हाईकोर्ट के वकील को उनके ही कुछ रिश्तेदार ने घर में घुस कर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित वकील ने अपने तीन रिश्तेदारों के खिलाफ फूलपुर कोतवाली में नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अमनाबाद गांव निवासी नायाब अहमद खान पुत्र शमसुद्दीन हाईकोर्ट में वकील है। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति की छुट्टी पर वह घर आए हुए थे। 14 जनवरी को वह अपने घर पर ही मवेशियों को चारा खिला रहे थे। इसी दौरान उनके मौसा मो. अज्जम पुत्र स्व. जुबेर निवासी डोभी थाना खेतासराय जिला जौनपुर अपने बहनोई खुर्शीद अहमद व उसके भाई पप्पू पुत्रगण स्व. अहद निवासी दौलतपुर थाना मेंहनगर घर पर आ धमके। इन लोगों ने उन्हें गालियां देनी शुरू कर दी और घर में घुस कर मारना-पीटना शुरू कर दिया। शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग जब मौके पर आ गए तो हमलावर बाद में देख लेने और जानमाल की धमकी देते हुए फरार हो गए। हमलावरों के जाने के बाद पीड़ित वकील फूलपुर कोतवाली पहुंचा और तीन के खिलाफ नामजद तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी है।