बलरामपुर (ब्यूरो)। संदिग्धाहाल में आग से झुलसकर जिला अस्पताल में भर्ती एक महिला और युवती की इलाज के दौरान सोमवार को जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने दोनों की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
मृत महिला बुधनी देवी (25) पत्नी श्रीराम शहर कोतवाली क्षेत्र के मातबरगंज मुहल्ले में स्थित कांशीराम आवास कालोनी में रहती थी। रविवार की रात संदिग्धाहाल में आग लगने से बुधनी गंभीर रूप से झुलस गई। उसकी हालत देख डाक्टर ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। लेकिन घर के लोग जिला अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज करा रहे थे। जहां उपचार के दौरान सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई। पांच माह पूर्व बुधनी की श्रीराम से शादी हुई थी। इसीक्रम में बिलरियागंज थाना क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर गांव निवासी ज्योति (18) चार अगस्त की रात संदिग्ध परिस्थिति में आग लगने से झुलस गई थी। तभी से उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वह कक्षा दस की छात्रा थी।