बलरामपुर। फूलपुर कस्बे से सटे रेलवे ट्रैक पर बुधवार की सुबह खून से लथपथ युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे युवक के चाचा ने हत्या कर लाश फेंकने का आरोप लगाया। जबकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का जो भी कारण स्पष्ट होगा। उसके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फूलपुर कस्बा निवासी मंजीत (22) पुत्र भरत बिंद तीन भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था। मंगलवार की रात करीब आठ बजे वह घर से बाहर निकला। इसके बाद घर वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों को जब इस बात की जानकारी हुई तो मंजीत की खोजबीन में जुट गए। लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। बुधवार की सुबह कस्बे से सटे रेलवे ट्रैक के किनारे खून से लतपथ मंजीत की लाश फेंकी मिली। कस्बे के लोगों ने मंजीत की लाश देखकर उसके घर वालों को सूचना दी। जानकारी होने पर मंजीत के घर वालों के साथ सीओ फूलपुर और कोतवाल फूलपुर पहुंच गए। मंजीत के चाचा दिनेश बिंद के मुताबिक उसके दोनों पैर मुड़े हुए थे। जबकि सिर में गंभीर चोट है। ऐसे में शक है कि कोई उसकी हत्या करने के बाद लाश यहां ट्रैक के किनारे फेंक दिया है। पुलिस दिनेश से तहरीर लेकर मंजीत की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। सीओ फूलपुर संतोष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन से कटकर हुई मौत का मामला लग रहा। हालांकि सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पीएम रिपोर्ट में मंजीत के मौत का जो भी कारण स्पष्ट होगा। उसके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।