आजमगढ़। मुकेरीगंज हादसे के बाद सक्रिय हुआ अग्रिशमन विभाग अब मैरेज लॉनों को नोटिस जारी कर अग्रिशमन यंत्र की व्यवस्था का निर्देश दिया है। मानक के अनुरूप फायर सिस्टम की व्यवस्था न होने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मुकेरीगंज में अवैध पटाखा गोदाम में अगलगी की घटना में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं पांच अन्य अभी भी जीवन मौत से संघर्ष कर रहे है। अगलगी की इस घटना में फायर विभाग की जम कर क्लास लगी थी। जिला प्रशासन द्वारा अग्रिशमन विभाग की लापरवाही को उजागर किया गया था। इसके बाद से फायर विभाग सक्रिय हो उठा है। रविवार को मुख्य अग्रिशमन अधिकारी सतेंद्र पांडेय ने जिला मुख्यालय पर स्थित दर्जन भर से अधिक मैरेज लॉनों को नोटिस जारी कर उनसे फायर सिस्टम के व्यवस्था की जानकारी मांगी है। इसके साथ ही मानक के अनुरूप फायर सिस्टम की व्यवस्था न होने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। मैरेज लॉन संचालकों को नोटिस भेजने की कवायद रविवार से ही शुरू कर दी गई है।