आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के हर्रा की चुंगी मुहल्ले स्थित डा. रहमान नर्सिंग होम में शनिवार दोपहर महिला के इलाज में लापरवाही बरतने को लेकर हुई तोडफ़ोड़ के मामले में संचालक की तहरीर पर तीन लोगों को नामजद करते हुए 50-60 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इससे पहले संचालक डा. अफजाल रहमान पर भी रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है।
बता दें कि गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव निवासी पूनम गिरी (28) पत्नी रितेश गिरी को परिवार के लोगों ने हर्रा की चुंगी मुहल्ला स्थित डा. रहमान अस्पताल में भर्ती कराया था। पूनम का 11 अक्तूबर को डा. अफजाल ने 50 हजार रुपये लेकर बच्चेदानी का आपरेशन किया था। 28 अक्तूबर को परिवार के लोग पूनम को पुन: डा. रहमान के यहां लेकर पहुंचे और भर्ती कराया। पिछले शनिवार को परिजन अपना आपा खो बैठे और डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा और तोडफ़ोड़ कर दी थी। पूनम के ससुर कृपाशंकर ने तहरीर देकर डा. अफजाल रहमान के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पूनम की उसी दिन मौत भी हो गई थी। वहीं, डॉ. अफाजल की ओर से भी तोड़फोड़ के मामले में रामचंद्र गिरी, दयाशंकर गिरी, राम अवध यादव और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई हई है।