आजमगढ़। शहर के मुख्य चौक पर स्थित दो दुकानों में शनिवार की रात शटर चांड़कर भीतर घुसे चोर दोनों दुकानों से लाखों रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया। मजेदार बात यह है कि घटनास्थल के पास में ही 24 घंटे पुलिस की पिकेट रहती है। पुलिस की मौजूदगी में चोरी की यह घटना होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। रविवार को दोनों दुकानदार चोरी गए सामानों का मिलान कर थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही।
पीड़ितों में शहर कोतवारी क्षेत्र के कटरा मुहल्ला निवासी प्रभुनाथ सिंह पुत्र अजीत की चौक पर सब्जीमंडी मुहल्ले में पान सामाग्रियों की थोक की दुकान है। जबकि बाजबहादुर मुहल्ला निवासी अशोक चौरसिया पुत्र सीताराम की मुख्य चौक पर पान सामाग्रियों की थोक की दुकान है। इन दोनों दुकानों के बीच में 24 घंटे पुलिस की पीकेट रहती है। जहां पर एक दरोगा और तीन से चार सिपाही तैनात रहते हैं। शनिवार की रात यह दोनों दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए। रात को सुनसान माहौल पाकर चोर दोनों दुकानों का शटर चाड़कर भीतर घुसे। प्रभुनाथ सिंह की दुकान से करीब तीन लाख रुपये मूल्य का सिग्रेट, गुटखा आदि चुरा लिया। जबकि अशोक की दुकान से भी लगभग इतने ही रुपये मूल्य का सामान चोरी हुआ है। रविवार की सुबह दोनों दुकानदार अपनी दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो टूटा हुआ शटर देखकर दंग रह गए। दुकानदारों ने चोरी गए सामानों का मिलान कर थाने में तहरीर दी। शहर कोतवाल रत्नेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही।
मकान का दरवाजा तोड़ एक लाख की चोरी
बिंद्राबाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के उत्तरगावा निवासी राकेश कुमार पांडेय के मकान में शनिवार की रात पीछे का दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे चोर 15 हजार रुपये नगदी सहित एक लाख रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया। रविवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर राकेश ने चोरी गए सामानों का मिलान कर थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक गंभीरपुर अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। रिपोर्ट अभी नहीं दर्ज है। मामले की जांच की जा रही।