थाना क्षेत्र के अकबेलपुर गांव में नौ जनवरी की सुबह टहलने निकले सपा नेता राजबहादुर यादव की धारदार हथियार से हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी चंद्रकुमार तिवारी को गिरफ्तार किया। हत्या के पीछे मुख्य वजह जमीन का विवाद था। पुलिस तीन अन्य आरोपियों की तलाश में है।
आरोपी चंद्रकुमार तिवारी उर्फ प्रेमभुवन कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भरौली पियरिया गांव का निवासी है। राजबहादुर की हत्या के संबंध में उनके भाई उमाकांत यादव ने गांव के पांच लोगों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें गांव के ओमप्रकाश तिवारी, कृष्णपाल तिवारी, अंकुर तिवारी, अंकित और रवि तिवारी को आरोपी बनाया। पुलिस ने घटना के दूसरे दिन घटनास्थल से कुछ ही दूर पर खेत में फेंका हुआ खून से सना दो गड़ासा भी बरामद किया था। इधर मुखबिरों के जरिए जानकारी होने पर पुलिस ने शनिवार को कप्तानगंज थाने के भरौली पियरिया गांव में छापेमारी कर ओमप्रकाश के भाई के दामाद चंद्रकुमार तिवारी उर्फ प्रेमभुवन को गिरफ्तार किया। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना के पीछे मुख्य कारण जमीन का विवाद रहा। चंद्रकुमार के मुताबिक घटना को अंजाम देने से पूर्व उसने अपना और अपने भाई आनंद का मोबाइल लखनऊ और हमीरपुर स्थित रिश्तेदारों के यहां भेजवा दिया। ताकि पुलिस को लोकेशन वहां मिले। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से नौ जनवरी की सुबह चंद्रकुमार, उसके भाई आनंद, चचेरे ससुर ओमप्रकाश और कृष्णपाल तिवारी के साथ मिलकर राजबहादुर की हत्या कर दी।
कोट
राजबहादुर की हत्या में शामिल एक आरोपी चंद्रकुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस चंद्रकुमार का चालान कर फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
- अजय कुमार साहनी, एसपी