अंबारी। दीदारगंज थाने से महज सौ मीटर दूर फुलेश मार्ग पर स्थित एक वेल्डिंग की दुकान के बाहर बैठकर काम कर रहे दुकानदार को मंगलवार की दोपहर एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। जबकि पेट और जांघ में गोली लगने से घायल दुकानदार मौके पर तड़पने लगा। दिनदहाड़े हुई घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। पुलिस तत्काल घायल दुकानदार को फूलपुर बाजार में स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराई। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना का कारण अभी नहीं पता चल सका है, ना ही अभी तक कोई रिपोर्ट ही दर्ज है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, प्रदीप यादव (35) पुत्र चंद्रिका प्रसाद यादव दीदारगंज थाने के डीहकैथौली गांव का निवासी है। उसने दीदारगंज थाने से महज सौ मीटर दूरी पर स्थित दीदारगंज-फुलेश मार्ग पर वेल्डिंग की दुकान किया है। मंगलवार की दोपहर प्रदीप अपनी दुकान के बाहर बैठकर काम कर रहा था। तभी जौनपुर की तरफ से एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए और प्रदीप को लक्ष्य कर ताबड़तोड़ दो राउंड गोलियां चलाई। एक गोली प्रदीप के पेट में और दूसरी बांए पैर की जांघ में लगी। खून से लथपथ प्रदीप मौके पर गिर गया। जबकि हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। दिन दहाड़े थाने के पास गोलियों के तड़तड़ाहट से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। थाने के पास दिन दहाड़े हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में प्रदीप को पीएचसी मार्टीनगंज में भर्ती कराई। हालत गंभीर देख डाक्टर ने रेफर कर दिया तो उसे फूलपुर बाजार के पास स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बाजार के दुकानदारों के मुताबिक दोनों बदमाश अपना मुंह बांधे हुए थे। काले रंग की पल्सर बाइक से आए और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। घटना की अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है, ना ही घटना के कारण का ही पता चल सका है।