लालगंज। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कंजहित बाजार के पास आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर वाराणसी की तरफ जा रहे चारपहिया वाहन की चपेट में आने से मंगलवार शाम महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक मेवाती (50) पत्नी स्व0 शिवकरण राम निवासी हीरापुर, जनपद जौनपुर अपने पुत्र सिंटू के साथ साइकिल से कंजहित बाजार जा रही थी। मेवाती जैसे ही कंजहित बाजार के पास पहुंची, आजमगढ़ की तरफ से जा रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र सिंटू बुरी तरह घायल हो गया।पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। घायल सिंटू को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मेवाती के पांच पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं। परिजनों में कोहराम मचा है।