मुबारकपुर। नगर पंचायत मुबारकपुर के पुरानी बस्ती मुहल्ले में बुधवार की रात करीब आठ बजे तीन युवकों ने छेडख़ानी के विरोध करने पर एक युवती को चाकू मार दिया। हाथ और गर्दन में चाकू लगने से घायल युवती को सीएचसी मुबारकपुर में भर्ती कराया गया। युवती के पिता ने एक नामजद और दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुरानी बस्ती मुहल्ला निवासी शकील की 22 वर्षीय बेटी बुधवार की रात करीब आठ बजे अपने घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित अपने चाचा के घर जा रही थी। मुहल्ले में अंधेरे का फायदा उठाकर मुहल्ले में रहने वाला जैनूलआबदीन अपने दो अन्य साथियों को लेकर पहुंच गया। तीनों चेहरा ढंके हुए थे। वे युवती के साथ छेड़खानी करने लगे। युवती ने इसका विरोध किया तो वे चाकू निकालकर उसकी आवाज दबाने की कोशिश किया। इसके बाद भी युवती शोर मचाना बंद नहीं की तो मनबढ़ों ने उसे चाकू घोंप दिया। हाथ और गर्दन में चाकू लगने से घायल युवती को छोड़कर आरोपी फरार हो गए। जबकि उसकी चीखपुकार सुनकर परिवार के लोग पहुंच गए और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर में भर्ती कराया। गुरुवार को युवती के पिता शकील ने मुहल्ले के रहने वाले जैनूलआबदीन सहित तीन लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मेडिकल रिपोर्ट में चाकू लगने की पुष्टि नहीं हुई है। एसओ मुबारकपुर अनुप शुक्ला मामले की जांच कर रहे हैं।