अहरौला। अंबेडकर नगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के जनेसरी बुजुर्ग गांव निवासी रणजीत वर्मा ने बुधवार को अहरौला थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें अहरौला थाना क्षेत्र के बस्ती भुजबल गांव निवासी रामकेवल यादव को आरोपित किया है। रणजीत का आरोप है कि डेंटल सर्जन की डिग्री दिलाने के नाम पर आरोपी ने उसके समेत पांच लोगों से 30 लाख रुपये लेकर हड़प लिए और डिग्री भी नहीं दिलवा सका। अब रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
रणजीत वर्मा के मुताबिक वह राजेसुल्तानपुर बाजार में अपना दांत का क्लिनिक चलाता है। करीब एक वर्ष पूर्व रामकेवल यादव से उसकी मूलाकात हुई तो रामकेवल ने बताया कि हमारे रिश्तेदार का डेंटल कॉलेज है। मैं आपको वहां से डेंटल सर्जन की डिग्री दिलवा दूंगा। डाक्टर बनने के चक्कर में रणजीत वर्मा ने रामकेवल को छह लाख रुपये दे दिया। लेकिन अभी तक डिग्री नहीं मिली। ठगी का ऐहसास होने पर रणजीत वर्मा अपने रुपये वापस लेने के लिए जब रामकेवल के घर पहुंचा तो पता चला कि वहां अतरौलिया थाना क्षेत्र के रहने वाले परमेंदर वर्मा, तहबरपुर के रहने वाले धीरेंद्र यादव, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले रमेश पटेल और निजामाबाद थाना क्षेत्र के रामदुलार यादव भी बैठे हुए हैं। पूछने पर पता चला कि यह लोग भी डेंटल सर्जन की डिग्री के लिए रामकेवल यादव को छह-छह लाख रुपये दिए हैं। ठगी का एहसास होने पर बुधवार को पीड़ितों नें संयुक्त रूप से अहरौला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सीओ बूढनपुर शिवनाथ गुप्ता ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।