आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र के परमानपुर बाजार में स्थित यूनियन बैंक के एटीएम से कार्ड बदलकर दो जालसाज खाते से 1.10 लाख रुपये निकाल लिए। पूरा घटनाक्रम बैंक के सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद पुलिस न तो इस मामले में अब तक कोई रिपोर्ट दर्ज की है, न ही आरोपियों की गिरफ्तारी ही कर सकी है। ऐसे में पीड़ित व्यक्ति कार्रवाई के लिए इधर-उधर का चक्कर लगाने को मजबूर है। पीड़ित सत्यदेव विश्वकर्मा गाजीपुर जिले के जखनिया तहसील के गदाईपुर गांव निवासी है। सत्यदेव के मुताबिक वह 27 अगस्त की दोपहर तरवां थाना क्षेत्र के परमानपुर बाजार में स्थित यूनियन बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचा। सत्यदेव अपने खाते से नौ हजार रुपये निकाला। जिस समय सत्यदेव ने खाते से रुपये निकाला उसके बाद खाते में 108447 रुपये शेष था। पीड़ित के मुताबिक एटीएम के बाहर कोई गार्ड नहीं तैनात था। जिसका फायदा उठाते हुए दो बदमाश उस समय एटीएम में घुस गए। जब सत्यदेव रुपये निकाल रहा था। दोनों जालसाज देखने के बहाने उसका कार्ड लिए और बदलकर दूसरा थमाकर फरार हो गए। दोनों बदमाश पीड़ित सत्यदेव के खाते से कई किस्तों में 108125 रुपये निकाल लिया। पीड़ित के मुताबिक एक अगस्त को वह अपने पासबुक पर लेनदेन का विवरण चढ़वाने बैंक पहुंचा तो वहां पता चला कि खाते में महज 322 रुपये ही शेष बचे हैं। खाते से रुपये निकाले जाने की सूचना से हलाकान सत्यदेव ने तरवां थाने में तहरीर दी। पर पुलिस कार्रवाई की बजाय मौन साध गई। वह अपने स्तर से बैंक का सीसीटीवी चेक कराया तो बदमाशों की हुलिया सहित अन्य घटनाक्रम कैद है। बावजूद इसके पुलिस कोई सक्रियता नहीं दिखा रही।
मामला हमारे संज्ञान में नहीं है, यदि बदमाशों की हुलिया और कार्ड बदलने का दृश्य सीसीटीवी फुटेज में कैद है तो तरवां थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की गिरफ्तारी करवाई जाएगी। साथ ही हिलाहवाली करने वालों के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। - कमलेश बहादुर, एसपीसिटी