अहरौला। थाना क्षेत्र के सुखीपुर गांव के प्रधान विभा श्रीवास्तव के घर में मंगलवार की रात छत के रास्ते भीतर घुसे चोर आलमारी और बक्सों का ताला तोड़कर करीब साथ लाख रुपये मूल्य का आभूषण चुरा लिया। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित महिला ने चोरी गए सामानों का मिलान कर थाने में तहरीर दी। पुलिस डाग स्क्वाड टीम और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ को लेकर मौकामुआयना की। मामले की जांच की जा रही है।
अहरौला थाना क्षेत्र के सुखीपुर गांव निवासी विभा श्रीवास्तव गांव की प्रधान हैं। उनका पति मुंबई में रहकर नौकरी करता है। विभा घर पर अपने दोनों बच्चों के साथ रहती हैं। मंगलवार की रात वह अपने मकान के मुख्य गेट में ताला बंद कर आगे वाले कमरे मेें सोई हुई थी। तभी चोर छत के रास्ते मकान के भीतर घुसे और दो कमरों का ताला तोड़कर अंदर चले गए। चोर कमरों में रखी गोदरेज की आलमारी और बक्सों का ताला तोड़कर उसमें रखा करीब सात लाख रुपये का आभूषण चुरा लिया। चोरी गए आभूषणों में तीन तोला सोने का कड़ा, दो सिकड़, दो अंगूठी, दो झुमका, दो जोड़ी बाली, नथिया, मांगटीका, मंगलसूत्र आदि शामिल है। बुधवार की सुबह विभा सोकर उठी और मकान में गई तो कमरों का दृश्य देखकर वह दंग रह गई। विभा ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस डाग स्क्वाड टीम और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ के साथ मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। सीओ बूढ़नपुर श्यामनरायण ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। रिपोर्ट अभी नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पंद्रह दिन में चार चोरियां, खुलासा एक भी नहीं
अहरौला। थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाओं की बाढ़ सी गई है। चोरों को आतंक से जहां आमजन में भय और दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस कार्रवाई के बजाय मौन साधे हुए है। पुलिस की निष्क्रियता का परिणाम है कि अहरौला क्षेत्र में बीते पंद्रह दिन के भीतर चोरी की चार बड़ी घटनाएं हुई, लेकिन पुलिस खुलासा एक भी घटना का नहीं कर सकी।
घटनाओं पर गौर करें तो 14 जनवरी को पक्खनपुर के मुसाफिर सिंह पुत्र रामरति सिंह के यहाँ क्षेत्र की अब तक की सबसे बड़ी चोरी हुई। जिसमें एक लाख नकदी सहित लगभग परिवार के लोगों के पन्द्रह लाख के गहने चोरी हुए। जांच में एसपी ग्रामीण फोरेसिंक टीम सहित ड़ाग स्क्वायाड़ लेकर पहुँचे थे। यह मामला अभी ठंढे वस्ते में है। दुसरी घटना 25 जनवरी को गोपालगंज बाजार में। जहां चोर किराना व आयुर्वेदिक दवाओं के थोक विक्रेता प्यारेलाल गुप्ता की दुकान से ढाई लाख नकदी व लगभग आठ लाख का सामान चुरा लिया। तीसरी घटना बाँसथान गांव में 28 जनवरी की रात सेवानिवृत्त सिपाही रामलाल राम पुत्र कुबेर के घर में हुई। चोर सिपाही के घर से लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिया। लगातार चोरी की घटना बढ रही है। जिससे क्षेत्रीय लोगों मे आक्रोश है और लोगों ने जल्द खुलासे की माँग की है।