सरायमीर। थाना क्षेत्र के छित्तूपुर गांव के पास शुक्रवार की दोपहर अनियंत्रित दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में दोनों बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा घायल हो गया। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा। जहां हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों बाइक सवार बगैर हेलमेट लगाए ही बाइक चला रहे थे। पुलिस शव की पहचान कर घर वालों को सूचना देकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। मौत की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
जहानागंज थाना क्षेत्र के टडिय़ा गांव निवासी वीरेंद्र चौहान (40) पुत्र बद्री, इसी थाने के बेनपुर गांव निवासी रामविलास चौहान (42) पुत्र मोहित एक बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। जबकि जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के जमदहां गांव निवासी रेहान (30) पुत्र महमूद अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। बाइक चलाते समय दोनों ने हेलमेट नहीं पहने थे। इनकी बाइक सरायमीर थाना क्षेत्र के छित्तूपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गई। इसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। घायलों को जब तक अस्पताल ले जाने का प्रबंध किया जाता कि वीरेंद्र चौहान की मौत हो गई। जबकि रामविलास चौहान और रेहान को पीएचसी सरायमीर में भर्ती कराया गया। जहां दोनों का प्राथमिक इलाज कर डाक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में रेहान की भी मौत हो गई। जबकि रामविलास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक सरायमीर शेरसिंह तोमर ने बताया कि दोनों के घर वालों को सूचना दे दी गई है।