मेजवां/मेंहनगर। लेखपाल की हत्या के विरोध में शुक्रवार को लेखपाल संगठन आंदोलित रहा। विभिन्न तहसीलों में उन्होंने प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई करने और पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की गई।
मऊ में कार्यरत लेखपाल धीरज सिंह की हत्या के विरोध में शुक्रवार को प्रदेश लेखपाल संघ की उपशाखा फूलपुर के अध्यक्ष शकील अहमद के नेतृत्व में तहसील परिसर में शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन किया गया। शकील अहमद ने कहा कि मृतक लेखपाल प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत खातेदार के नाम का मिलान कर रहे थे। उसी दौरान उनकी निर्मम हत्या कर दी गई। लेखपालों ने हत्यारों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद की मांग की। मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम फूलपुर को दिया। ज्ञापन देने वाले महामंत्री शिवशंकर सिंह, गोरख यादव, जयनेंद्र, राजेश, महेश कुमार, कृष्णकांत, जयप्रकाश, अशोक अस्थाना थे। मेंहनगर तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष हरिद्वार सिंह ने मऊ प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। रामजन्म सिंह, जितेंद्र सिंह, राधे श्याम यादव, पंकज अस्थाना, सत्येंद्र सिंह, चंद्रबली चौहान आदि उपस्थित रहे।