ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के असवनियां गांव में बकाया वसूली के दौरान बिजली कनेक्शन काटने वाले जेई की पिटाई करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। तीन अन्य की अभी तलाश है।
अरवनियां गांव निवासी मुकेश कुमार सिंह पुत्र स्व. त्रिभुवन सिंह के यहां साढ़े तीन लाख रुपये बिजली बिल का बकाया है। बकाया वसूली के लिए विद्युत सब स्टेशन बरदह पर तैनात अवर अभियंता अरूण कुमार पुत्र श्रीपति 25 जनवरी को असवनियां गांव में टीम के साथ गए थे। मुकेश के घर पर पहुंच कर जेई ने बकाया जमा करने को कहा तो परिजनों ने पैसा जमा करने से इंकार कर दिया। इस पर अवर अभियंता ने लाइन मैन से मुकेश सिंह के घर की लाइन कटवा दी। इस कार्रवाई के बाद वे अभी गांव के बाहर ही पहुंचे थे कि मुकेश सिंह अपने पांच साथियों के साथ पहुंचे और अवर अभियंता पर हमला बोल दिया। इस घटना के बाबत अवर अभियंता ने बरदह थाने में मुकेश समेत पांच अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी थी। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकेश सिंह और सूर्यनाथ को सोमवार को पकड़ कर चालान कर दिया। विद्युत वितरण खंड तीन के अधीशासी अभियंता मनीष कुमार ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि बकाया वसूली के लिए जाने वाले विद्युत कर्मियों के साथ दुव्र्यवहार करने वालों के खिलाफ विभाग शांत नहीं बैठेगा। ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा कर कार्रवाई अवश्य करवायी जाएगी।