फरिहां। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां बाजार में स्थित एटीएम के पास शुक्रवार की दोपहर संदिग्धाहाल में खड़े बदमाशों में से एक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि दूसरा फरार हो गया। पुलिस गिरफ्तार बदमाश से पुछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के बघौरा गांव निवासी राममिलन यादव 12 दिसंबर को फरिहां बाजार में स्थित यूनियन बैंक के एटीएम से रुपये निकालने आए थे। जहां पहले से मौजूद दो जालसाज उनका कार्ड बदलकर खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिया। घटना के संबंध में राममिलन ने पुलिस और बैंक को जानकारी दी थी। तभी से शाखा प्रबंधक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जालसाजों की तलाश में थे। शुक्रवार को एटीएम के पास खड़े दो संदिग्धों पर शाखा प्रबंधक की नजर पड़ते ही उन्होंने इन दोनों को पकडने को कहा। लोग जब तक बदमाशों को पकड़ पाते कि एक फरार हो गया। जबकि दूसरे को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश सदाबृज है। पुलिस उसके निशानदेही पर उसके फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है।