आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के खोर्रमपुर गांव स्थित राष्ट्रीय जूनियर हाईस्कूल के प्रबंधक द्वारा बीएसए का फर्जी अनुमति पत्र लगाकर विद्यालय की जमीन को बेचने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले की जांच जिला लेखा परीक्षा अधिकारी द्वारा करने के बाद जांच आख्या उपलब्ध करा दी गई है लेकिन इसके बाद भी दोषियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
बेलऊं गांव निवासी जयप्रकाश दुबे ने इस मामले की जानकारी होने पर इसकी शिकायत अपर जिलाधिकारी प्रशासन से की। उन्होंने उक्त मामले की जांच जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिला लेखा परीक्षा अधिकारी से इसकी जांच कराई। जांच के दौरान उन्होंने पाया कि विद्यालय के बाद 2013-14 और 2014-15 में संदान निधि के तहत कुल चार गाटों में 3.5950 हेक्टेअर भू-संपत्ति थी। संस्था के प्रबंधक द्वारा इसमें से 1.976 हेक्टेअर भूमि बिक्रय किए जाने की बात सामने आई। इस पर उन्होंने ने स्कूल के प्रबंधक को नोटिसा जारी किया कि उनके द्वारा किसी सक्षम प्राधिकारी से बिना अनुमति लिए ही जमीन की बिक्री की गई और बिक्री से मिली धनराशि को ना ही संस्था के किसी कोष में जमा कराया गया। जो गबन की श्रेणी में आता है इसलिए वह उक्त संबंध में स्थिति स्पष्ट करें। इस संबंध में प्रबंधक द्वारा बीएसए का अनुमति पत्र दिया गया। लेकिन जब इसकी जांच की गई तो बीएसए ने ऐसी कोई अनुमति देने से इंकार किया। जिससे यह स्पष्ट हो गया कि प्रबंधक द्वारा जमीन की बिक्री कर गबन किया गया है लेकिन इसके बाद भी दोषियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। अब शिकायतकर्ता जयप्रकाश दुबे ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है।
.