मेजवां। घर से दूकान के लिए रविवार को निकले अधेड़ की दूसरे दिन सोमवार की सुबह फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास कुंवर नदी पुल के नीचे लाश मिली। उसके दाहिने तरफ कनपटी सहित शरीर के अन्य कई हिस्सों में चोट के निशान थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। लाश की पहचान कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के जरिए मौत का कारण स्पष्ट होगा। उसके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर गांव निवासी रामकुमार (55) पुत्र दलसिंगार राम की फूलपुर तहसील गेट पर पान की दूकान थी। रविवार की सुबह रामकुमार घर से दूकान के लिए निकला, लेकिन रात को घर नहीं पहुंचा। देर रात तक रामकुमार घर नहीं पहुंचा तो घर वालों को चिंता हुई। लोग उसके विषय में परिचितों से पूछताछ किए लेकिन कोई जानकारी नहीं हुई। दूसरे दिन सोमवार की सुबह जगदीशपुर गांव के पास कुंवर नदी पुल के नीचे एक अधेड़ की लाश मिली। उसके कनपटी पर दाहिने तरफ और हाथ, पैर में चोट के निशान थे। शव मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची और क्षेत्र के लोगों से पहचान कराने के प्रयास में जुट गई। तभी लाश मिलने की जानकारी होने पर रामकुमार का इकलौता बेटा भी वहां पहुंच गया और उसने शव की पहचान अपने पिता के रुप में किया। शव की पहचान हो जाने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। रामकुमार की मौत को कुछ लोग दुर्घटना बता रहे तो कुछ लोग हत्या कर शव फेके जाने की बात कह रहे। सीओ फूलपुर संतोष सिंह ने बताया कि घर वालों की तरफ से अभी कोई आरोप नहीं लगाया गया है। लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी गई है। मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।