अहरौला। बाजार के चांदनी चौक पर स्थित मिठाई की दुकान का ताला तोड़कर मंगलवार की रात भीतर घुसे चोर 34 हजार रुपये नगद और मिठाई चुरा ले गए। जबकि इसी थाने के पकड़ी गांव निवासी एक व्यक्ति के कच्चे मकान में नकब लगाकर चोर 15 हजार रुपये नगद और डेढ़ लाख रुपये का आभूषण चुरा लिया। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने चोरी गए सामानों का मिलान कर थाने में तहरीर दी।
पीड़ितों में नागेंद्र मोदनवाल अहरौला थाना क्षेत्र के मतलूबपुर गांव के निवासी हैं। उनका अहरौला बाजार के चांदनी चौक पर मिठाई की बड़ी दुकान है। मंगलवार की रात नागेंद्र अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। रात को बाजार का सुनसान माहौल पाकर चोर ताला तोड़कर दुकान के भीतर घुसे। अंदर से 34 हजार रुपये नगद और कुछ मिठाइयां चुरा ले गए। इसी थाना क्षेत्र के रहने वाले पकड़ी गांव निवासी मो. शमीम का कच्चा मकान है। मंगलवार की रात वह परिवार के साथ सोया हुआ था। रात को चोर मकान के पीछे नकब लगाकर भीतर घुसे और मो. शमीम के घर से 15 हजार रुपये नगद और डेढ़ लाख रुपये मूल्य का आभूषण चुरा लिया। बुधवार की सुबह पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी। सीओ बूढनपुर रामचंद्र ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।