आजमगढ़ (ब्यूरो)। जनपद में हुई जहरीली शराब कांड के बाद जनपद पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का क्रम रविवार को भी जारी रहा। इस दौरान कई थानों में अवैध शराब के साथ कई लोग पकड़े गए, जिन्हें पुलिस ने जेल भेजा।
रौनापार थाने की पुलिस ने थानाध्यक्ष रंजीत सिंह के नेतृत्व में अवैध जहरीली शराब बनाने और बेचने वालों के ठिकानों पर दबिश दी गई। इस दबिश में उन्होंने रसूलपुर नंदलाल गांव निवासी मनोज यादव पुत्र स्व. झिनकू यादव को दो पीपे में 20-20 लीटर अपमिश्रित जहरीली शराब के साथ पकड़ा। वहीं केवटहिया गांव निवासी फल्ली पुत्र स्व. निब्बर निषाद के घर से दो प्लास्टिक के पीपे से 50-50 लीटर अपमिश्रीत शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।