जहानागंज। पीजीआई चक्रपानपुर में गुरुवार की शाम अपना इलाज कराने आए दो युवकों को अस्पताल के गार्ड ने लाठी-डंडा से पीटकर घायल कर दिया। वहां मौजूद लोग मामले में बीच बचाव कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज कराने के बाद इन दोनों ने थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घायल होने वालों मेें मिथिलेश सिंह (35) पुत्र लक्ष्मीनरायण और विमलेश बरनवाल (36) का नाम शामिल है। यह दोनों जहानागंज थाना क्षेत्र के किसुनपुर गांव के निवासी हैं। गुरुवार की शाम यह दोनों लोग एक बाइक पर सवार होकर अपना इलाज कराने के लिए चक्रपानपुर बाजार के पास स्थित पीजीआई अस्पताल पहुंचे। वहां बाइक खड़ा करने को लेकर गार्ड से विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान अस्पताल के कई और गार्ड इकट्ठा हो गए और सभी लाठी-डंडे से इन दोनों को पीटकर घायल कर दिया। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।