मेजवां। फूलपुर कोतवाली पुलिस ने बुधवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर जगदीशपुर गांव से पंद्रह हजार रुपये के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और पांच सौ ग्राम गांजा भी बरामद हुआ।
सीओ फूलपुर रविशंकर प्रसाद के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश ज्ञानू उर्फ ज्ञान प्रकाश यादव फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव का निवासी है। सीओ के मुताबिक ज्ञानू पेशेवर अपराधी है। उसके विरुद्ध 19 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। लूट के एक मामले में वर्ष 2016 से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी न होने पर एसपी की तरफ से ज्ञानू पर 15 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। कोतवाल फूलपुर शिवशंकर सिंह ने बताया कि ज्ञानू ने गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति से बहुत पहले रंगदारी मांगी था। रुपये न देने पर उसके घर के बाहर हाथ से बनाया गया बम फेंक दिया था। ज्ञानू का क्षेत्र में काफी आतंक था। बुधवार की सुबह मुखबिर के जरिए सूचना मिली तो वे जगदीशपुर गांव में स्थित सीताराम मंदिर के पास घेराबंदी कर ज्ञानू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, एक कारतूस और पांच सौ ग्राम गांजा बरामद हुआ।