बलरामपुर। सिधारी थाना क्षेत्र के चडीह गांव में शनिवार की देर शाम मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में कुछ लोगों ने एक युवक को लाठी-डंडे से पीट दिया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चकडीह गांव निवासी विनोद(21) पुत्र श्यामराज शनिवार की रात लगभग आठ बजे अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान पड़ोस के ही कुछ लोगों से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कुछ ही देर में बात बढ़ गई और पड़ोस के युवकों ने लाठी-डंडे से उस पर हमला बोल दिया। जिसमें विनोद गंभीर रुप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने सिधारी थाने में पड़ोस के तीन युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी युवकों को हिरासत में ले लिया है। ब्यूरो