आजमगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण के लिए कई साहसिक कदम उठाने वाले एसपी अजय कुमार साहनी का स्थानांतरण हो गया। उन्हें अलीगढ़ जिले का एसएसपी बना दिया गया। अजय के स्थानांतरण होने से अपराधियों के खेमे में खुशी है। वहीं संभल जिले के एसपी रविशंकर छवि को आजमगढ़ जिले का नया एसपी बनाया गया है। नवागत एसपी के लिए यह जिला कई मायनों में चुनौतियों भरा होगा। लंबित घटनाओं का खुलासा, कानून व्यवस्था पर नियंत्रण सहित अन्य चुनौतियां उनके लिए मुंह बाए खड़ी हैं।
नए एसपी के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के सतमेसरा गांव निवासी गैस एजेंसी के मालिक भूपेंद्र यादव की हत्या और लूट की घटना का खुलासा करना होगा। आठ अप्रैल को दिन दहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज बाजार में नहर की पटरी पर स्थित इंडेन पूजा गैस एजेंसी के मालिक भूपेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या कर दिया। साथ ही रेतवा चंद्रभानपुर गांव में स्थित उनके गोदाम के कर्मचारियों को बंधक बनाकर 97 हजार 200 रुपये लूट ले गए। इस मामले में पुलिस की तरफ से अपराधियों का सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया गया। लेकिन अब तक एक भी आरोपी नहीं पकड़ा जा सका। हत्या और लूट की इस घटना के अलावा सरायमीर थाना और बाजार में तीन दिन पूर्व हुई तोडफ़ोड़ और धार्मिक उन्माद फैलाने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी और हालात को सामान्य करने की चुनौती भरा होगा। पूर्व एसपी अजय कुमार साहनी के कार्यकाल पर गौर फरमाए तो जिस समय इन्होंने जिले का चार्ज लिया था। उस समय अपराध चरम पर था। लेकिन अजय साहनी की तरफ से ताबड़तोड़ एनकाउंटर करवाने के बाद अपराधियों में जो खौफ उत्पन्न हुआ। वह जारी है। ऐसे मेें अजय के जाने के बाद नए एसपी रविशंकर छवि के समक्ष कई चुनौतियां होंगी।