थाना क्षेत्र के झगड़ा पाकड़पुर गांव के पास रविवार की दोपहर अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा जाने से कार में सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो घायल हो गए। घायलों को सीएचसी अहरौला में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर उनके परिवार के लोग पहुंचे और अपने साथ लेकर चले गए। घटना के समय कार सवार संत कबीर नगर जिले से फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खैरापुर गांव निवासी एक जेई से मिलने जा रहे थे। घायलों को मुताबिक उनकी कार में रुपये थे। जो बाद में नहीं मिले।
मृत अनूप यादव (34) पुत्र बैजनाथ संत कबीर नगर जिले के दुधराबनियाधारी गांव का निवासी था। जबकि घायल मनोज प्रजापति (19) , सूरज राय (26) भी इसी के गांव के रहने वाले हैं। यह लोग खलीलाबाद जिले में ठेकेदारी करते थे। खलीलाबाद जिले में लोकनिर्माण विभाग में तैनात आजमगढ़ जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खैरापुर गांव निवासी जेई अशोक यादव से मिलने जा रहे थे। जैसे ही इनकी कार अहरौला थाना क्षेत्र के झगड़ापाकड़पुर गांव के समीप पहुंची कि अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसमें तीनों घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोग जब तक घायलों को अस्पताल ले जाने का प्रबंध करते कि अनूप की मौत हो गई।