बलरामपुर। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार और कप्तानगंज थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव के पास शुक्रवार की रात हुए दो सड़क हादसों में युवक और अधेड़ की मौत हो गई। दोनों पैदल कहीं जा रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और इनकी लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बासुपार गांव निवासी दूधनाथ (50) शुक्रवार की रात पैदल कहीं जा रहा था। जैसे ही वह मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार गांव के समीप पहुंचा कि अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दूधनाथ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान देर रात को उसकी मौत हो गई। दूधनाथ एक बेटा और तीन बेटियों का पिता था। इसीक्रम में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव निवासी भरत कुमार (40) शुक्रवार की रात करीब आठ बजे घर के पास पैदल टहल रहा था। तभी उधर से गुजरे अज्ञात वाहन से टक्कर लग जाने से भरत गंभीर रूप से घायल हो गया। लोग जब तक उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रबंध करते कि उसकी मौत हो गई। भरत कुमार दो बेटी और तीन बेटों के पिता था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और भरत की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।