आजमगढ़। बुखार के लक्षण मिलने पर मंडलीय जिला अस्पताल में आइसोलेट किए गए राजस्थान से आए एक बुजुर्ग की सोमवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। उसका सैंपल जांच के लिए गोरखपुर लैब भेजा गया है। मंगलवार को उसका कोरोना प्रोटोकाल के अनुसार राजघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस के आने का बाद संस्कार हो गया।
रौनापार थाना क्षेत्र के नैनीजोर गांव निवासी कुछ दिनों पहले राजस्थान से आया था। उसे शिवालिक कालेज में क्वारंटीन किया गया था। तेज बुखार होने पर उसे सोमवार शाम को मंडलीय जिला अस्पताल लाया गया था। हालत गंभीर देख उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। सीएमओ डॉ. एके मिश्र ने बताया कि उसे सांस लेने में भी समस्या थी। सोमवार रात नौ बजे के आसपास उसकी मौत हो गई। मंगलवार को कोरोना प्रोटोकाल के अनुसार राजघाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने शवदाह का विरोध किया था, लेकिन मौके पर पुलिस बुला ली गई थी। बुजुर्ग का सैंपल मंगलवार को जांच के लिए भेजा गया है।