मृतक संघ के अध्यक्ष एवं आजमगढ़ निवासी लाल बिहारी मृतक के जीवन पर बनी फिल्म ‘कागज’ में गाए गाने का प्रचार-प्रसार न होने पर गायिका शारदा सिन्हा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने फिल्म के म्यूजिक डायरेक्टर और टीम पर उपेक्षा का आरोप लगाया है।
फिल्म में शारदा सिन्हा ने गीत गाया है। अपनी फेसबुक वाल पर शारदा सिन्हा ने लिखा है कि फिल्म में उन्होंने ‘सरकार विधवा बनैले’ गीत गाया है। इसका प्रचार-प्रसार न होने पर उन्होंने फ़िल्म के प्रोड्यूसर तथा म्यूजिक डायरेक्टर एवं टीम के अन्य सदस्यों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है।
गौरतलब है कि फिल्म को अभिनेता सलमान खान ने फाइनेंस किया है और सतीश कौशिक ने निर्देशित किया है। शारदा सिन्हा बिहार की गायिका हैं। उन्होंने मैथिली, भोजपुरी के अलावा हिंदी के कई चर्चित गीत गाए हैं। इससे पहले लाल बिहारी मृतक ने अपने जीवन पर बनी इस फिल्म को लेकर डायरेक्टर पर आरोप लगाए थे।