आजमगढ़ में मॉल से एक्सपायरी ब्रेड बिक्री का आरोप लगाते हुए उपभोक्ता ने कहा कि आरोप के बावजूद संचालक गलती नहीं मान रहे लिहाजा निराशा है कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। मामले की सूचना पर खाद्य विभाग ने जांच कराने की बात कही।
बदलते समय में शापिंग कांप्लेक्स का चलन काफी तेजी से बढ़ा हैं। कुछ सस्ते के चक्कर में लोग यहां से जमकर खरीदारी भी कर रहे हैं। लेकिन, माल संचालक माल एक्सपायरी डेट के सामानों की भी बिक्री कर रहे हैं। एक व्यक्ति द्वारा जब आरोप लगाया गया तो माल संचालक ने उसे सिरे खारिज कर दिया। नगर के ठंडी सड़क पर एक एक शापिंग कांप्लेक्स है। जहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग दैनिक उपयोग के सामानों की खरीद के लिए आते हैं। बाजार रेट से यहां पर हर सामान एक या दो रुपये सस्ता मिलता है। छह नवंबर को नगर के कटरा मुहल्ला निवासी विशाल श्रीवास्तव दो ब्रेड के पैकेट के साथ अन्य सामानों की भी खरीद की।
जब वह इसे लेकर घर पहुंचे तो एक पैकेट ब्रेड उन्होंने उसी दिन प्रयोग कर लिया। जब दूसरे दिन दूसरे पैकेट को प्रयोग करने के लिए उठाया तो संयोग से उनकी नजर एक्सपायरी डेट पर पड़ गई। तब उन्होंने पाया कि छह नवंबर को ही उक्त ब्रेड की एक्सपायरी डेट बीत चुकी है। इसके बाद उन्होंने माल संचालक पर एक्सपायरी माल बेचने का आरोप लगाते हुए बताया कि यह तीसरी बार है जब उन्हें उक्त माल से एक्सपायरी डेट का माल मिला है। वहीं माल संचालक सुजीत सिंह ने बताया कि ऐसा हो ही नहीं सकता है। वह पुरानी रसीद दिखा रहे होंगे। हम तो कुछ माल में सामान को छंटवा कर रखते हैं। वहीं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अगर ऐसा है तो हम शापिंग कांप्लेक्स के सामानों की जांच करेंगे। वहीं जिसके साथ हुआ है अगर वह शिकायत करता तो अच्छा होता।