तहबरपुर में परिजन धरने पर बैठे
- फोटो : Amar Ujala
तहबरपुर थाना क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष प्रवीण उर्फ सूरज की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शनिवार को परिजनों और समर्थकों ने धरना और प्रदर्शन किया। सीबीआई जांच की मांग करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। तहबरपुर थाना क्षेत्र के खुटौली गांव निवासी प्रवीण उर्फ सूरज की मौत कंधरापुर थाना क्षेत्र में एक पिकअप गाड़ी की टक्कर से हुई थी। लेकिन, मृतक के परिजनों और पार्टी नेताओं का कहना है कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या का मामला है।
सूरज के भाई संजय कुमार गौतम ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सूरज की हत्या एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हो सकती है। परिजनों के अनुसार, सूरज का गांव के एक व्यक्ति से दस दिन पहले विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने तहबरपुर थाने में तहरीर दी थी। हालांकि, आरोप है कि पुलिस ने जल्दबाजी में समझौता करवा दिया और इस मामले को दबाने की कोशिश की। इसके बावजूद, सूरज और उसके परिवार को विपक्षी पक्ष से धमकियां मिल रही थीं। अब परिजनों का आरोप है कि सूरज की मौत को उसी विवाद में साजिश के तहत अंजाम दिया गया है।
इस मामले में परिजनों, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी कांशीराम के कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क में इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पुलिस ने इस मामले की ठीक से जांच नहीं की और साक्षी को धमकाकर उनके बयान बदलवाए गए। प्रदर्शनकारियों ने सीबीआई से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।