मेजवां। फूलपुर-मुंडियार रोड पर स्थापित रेल फाटक 56 बी-2 फाटक पर ट्रेनों के आवागमन पर फाटक बंद होने पर लग रहे जाम से लोगों को जल्द ही निजात मिलने वाली है। इस मार्ग पर रेल फाटक स्थाई रूप से बंद किया जाएगा। इसके पास से अंडरपास निर्माण शुरू हो गया है। बरसात के दिनों में अंडरपास में पानी एकत्र न हो इसके लिए अंडरपास के ऊपर छज्जा बनवाया जाएगा। रोडवेज के पास से होकर मुंडियार रोड पर रेल मार्ग बना है। रेल लाइन की दोनों तरफ आबादी और बाजार है। रेल क्रॉसिंग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन आते जाते हैं। ट्रेन के आने जाने के समय जब फाटक बंद हो जाता है तो दोनों तरफ लंबा जाम लग जाता है। इसके अलावा समय-समय पर स्पेशल ट्रेन का भी इस रास्ते संचालन किया जाता है। इस रास्ते से जब भी कोई ट्रेन आती है तो गेट बंद करना पड़ता है। रेलवे समपार फाटक बंद होने के दौरान दोनों तरफ से छोटे-बड़े वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। इससे जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार तो लोगों को जाम से निकलने में आधा घंटा का समय लग जाता है। लोगों की मांग पर इस समस्या को देखते हुए रेलवे की तरफ से मुंडियार रोड पर अंडर पास निर्माण शुरू करा दिया गया है। अंडरपास बनने से लोगों को आने जाने में परेशानी नहीं होगी।
रेल विभाग के पीडब्ल्यूआई सुजीत कुमार ने बताया कि शीघ्र अंडरपास बनाने के लिए समय-समय पर ट्रेनों को कॉशन देकर चलाया जा रहा है। उम्मीद है कि एक महीने में यह बन जाएगा। इसके बनने के बाद रेल फाटक 56 बी- 2 को स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा।