Azamgarh News: मंडलायुक्त की सुरक्षा ड्यूटी से लौट रहे आरक्षी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आरक्षी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
आजमगढ़ जिले में मंडलायुक्त की सुरक्षा ड्यूटी से लौट रहे आरक्षी बलवंत सिंह यादव की बुधवार रात सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। थाना सिधारी क्षेत्र में बेलइशा पुल के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर एक अनुबंधित बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) के साथ भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
विज्ञापन
घटना बुधवार की रात लगभग 11 बजे हुई। आरक्षी बलवंत सिंह यादव मंडलायुक्त के सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन वापस लौट रहे थे। अनुबंधित बस की टक्कर से उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
बलवंत यादव चंदौली जनपद के ग्राम करजरा के निवासी थे। वह 17 दिसंबर 2022 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह मंडलायुक्त के सुरक्षा गार्ड ड्यूटी में तैनात थे।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई की और परिजनों को सूचित किया। पुलिस विभाग ने दिवंगत आरक्षी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दिवंगत आरक्षी बलवंत सिंह यादव को पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन उपस्थित रहे। क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी और क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।