आजमगढ़। जनपद के कुल 1858 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। अधिकतर सामुदायिक शौचालयों का निर्माण पूरा होने के बाद इनकी देखरेख की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंप दी गई है। इसके बाद भी लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि सामुदायिक शौचालयों पर ताला लटका हुआ है। इसके कारण ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस समस्या को देखते हुए जनपद में कंट्रोल रूम की स्थापना कर हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत मिलने पर जिला प्रशासन की ओर से मामले में कार्रवाई की जाएगी।
सामुदायिक शौचालय योजना के तहत जनपद के 1858 ग्राम पंचायतों में कुल 1458 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इसमें 1247 सामुदायिक शौचालय की देखरेख की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंप दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि सामुदायिक शौचालय पर तैनात स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से शौचालय की रोजाना साफ-सफाई, रजिस्टर में विवरण दर्ज करना और इसके उपयोग के लिए ग्रामीणों को जागरूक भी किया जाना है।
पिछले दिनों लगातार शिकायतें मिल रही थी कि जिम्मेदारी सौंपने के बाद भी अधिकतर शौचालयों पर ताला लटका हुआ है। यहां पर तैनात की गई सामुदायिक शौचालयों की महिलाओं की ओर से नियमित कार्य नहीं किया जा रहा है। इसके लिए जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। हेल्पलाइन नंबर 18001802396 जारी किया गया है। इस नंबर पर शौचालयों पर ताला लगे होने की सूचना और तोड़फोड़ या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की सूचना दी जा सकती है। उक्त मामलों में जिला प्रशासन की ओर से तत्काल कार्रवाई की जाएगी।