आजमगढ़। जिले में ठंड का असर बढ़ रहा है। रात में तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक गिरावट होने से लोगों की कंपकपी बढ़ रही है, तो दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आगे भी रात में तापमान में गिरावट बनी रहेगी। बीते 24 घंटे में अधिकतम में दो डिग्री और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। जिले में बीते सप्ताह से रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे ठंड बढ़ने लगी, लेकिन फिर न्यूनतम तापमान में लगातार एक-एक डिग्री की गिरावट होने लगी है। अब अगले सप्ताह से रात के तापमान में तेजी से गिरावट का सिलसिला शुरू हो जाने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने दिया है।
शनिवार और रविवार को रात में व अलसुबह हल्का कोहरा आ गया। कोहरा काफी देर भी बना रहा। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी एक सप्ताह के दौरान क्रमिक मौसमी गिरावट के अतिरिक्त तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने के चलते रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से औसतन तीन से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे बना रहेगा और और कहीं-कहीं इसके 10 डिग्री से नीचे चले जाने के आसार है। दिन में धूप निकलने से इसका प्रभाव ज्यादा नहीं रहेगा। इस दौरान प्रदेश में दिन का अधिकतम तापमान भी सामान्य से एक से चार डिग्री सेल्सियस नीचे बने रहने की संभावना है।