आजमगढ़। कोरोना संक्रमण का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। आम जनता के साथ ही अब डॉक्टर भी लगातार संक्रमित हो रहे हैं। कोरोना के नोडल व डिप्टी सीएमओ और उनकी पत्नी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद से सीएमओ कार्यालय में भी हड़कंप मचा हुआ है। इसे देखते हुए सीएमओ कार्यालय भी सैनिटाइजेशन टनल से लैस हो गया है। हर आने-जाने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग व पल्स ऑक्सीमीटर से जांच भी कराई जाएगी। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि कार्यालय परिसर में सैनिटाइजेशन टनल स्थापित करा दिया गया है जो बुधवार से काम करने लगेगा। इसके साथ ही गेट पर ही हर आने-जाने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग व पल्स ऑक्सीमीटर से जांच आदि की व्यवस्था पहले से ही संचालित है।
जिला अस्पताल पर भी चल रही कवायद
आजमगढ़। जिला अस्पताल प्रशासन भी अपने यहां सैनिटाइजेशन टनल स्थापित कराने की कवायद में जुटा हुआ है। इसके साथ ही यहां भी गेट पर टनल के पास ही पल्स आक्सीमीटर व थर्मल स्क्रीनिंग की भी व्यवस्था होगी। यह सारी व्यवस्थाएं हो जाने के बाद अस्पताल की ओपीडी भी शुरू करने की योजना अस्पताल प्रशासन ने बनाई है।