फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का किया निरीक्षण, कहा- दीपावली तक जनता को समर्पित करेंगे एक्सप्रेसवे

Mon, 10 Feb 2020 02:18 PM IST
स्‍वाधीन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आजमगढ़
विज्ञापन
एक्सप्रेस वे का निरीक्षण करते सीएम - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

आजमगढ़ जनपद के किसुनदासपुर स्थित यूपीडा के प्रोजेक्ट साइट पर सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के कार्यों के निरीक्षण और समीक्षा के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्य की प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि कार्य तय टाइम लाइन के अनुसार है। कोशिश है कि दीपावली तक मुख्य एक्सप्रेस-वे को लोकार्पित कर दिया जाए।

विज्ञापन


इसके साथ ही मंदुरी से जल्द उड़ान शुरू करने और मोहब्बतपुर में विवि की स्थापना के लिए जमीन खरीद की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की बात कही। अच्छा कार्य करने पर उन्होंने जिला प्रशासन की पीठ भी थपथपाई। लखनऊ के चांद सराय से गाजीपुर के हैदरिया तक बनने वाले 340 किमी लंबे सिक्सलेन के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का 84 किमी का हिस्सा जनपद से गुजर रहा है।

एक्सप्रेस-वे की समीक्षा और क्वालिटी टेस्ट के बाद मुख्यमंत्री ने इस पर संतोष जताया। कहा कि विकास की पायदान पर पिछड़े वाराणसी और गोरखपुर के बीच के इस हिस्से को विकास पथ पर लाने के लिए जुलाई 2018 में प्रधानमंत्री ने आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शुभारंभ किया था। प्रोजेक्ट टाइम लाइन के अनुसार चल रहा है।
विज्ञापन


कार्यदायी संस्था और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल के लिए यहां समीक्षा की गई है। परियोजना को पब्लिक का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे जहां से गुजरेगा वहां की अर्थव्यवस्था कई गुना बढ़ जाएगी। एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर इंडस्ट्रियल कॉरीडोर विकसित किया जा रहा है जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। 

सीएम ने दीपावली के आसपास मुख्य एक्सप्रेस-वे को लोकार्पित कर जनता को दीपावली का तोहफा देने की बात कही। साथ ही मोहब्बतपुर में प्रस्तावित विवि के लिए जमीन की खरीद जल्द पूरी करने की बात कही। कहा कि हम यहां से वायु सेवा जल्द शुरू करने वाले हैं।

इस दौरान उन्होंने विशेष अभियान चला कर एक लाख से ज्यादा लोगों की पेंशन स्वीकृत करने पर जिला प्रशासन की पीठ भी थपथपाई। यह अभियान डीएम एनपी सिंह की पहल पर चलाया गया था। एनएच-233 की धीमी प्रगति पर एनएचएआई के साथ बैठक करने और नितिन गडकरी को पत्र लिखने की बात कही। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे की भी समीक्षा और सभी परियोजना समय पर पूरी करने को कहा। 

विज्ञापन

मंदुरी से उड़ान और विवि का निर्माण, जल्द हो सकता है शुरू

मुख्यमंत्री ने रिजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत चयनित मंदुरी हवाई पट्टी से जल्द उड़ान शुरू होने की बात कही। कहा कि कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही लोग आजमगढ़ से लखनऊ तक की उड़ान भरेंगे। विवि के लिए छह हेक्टेयर भूमि की खरीद भी जल्द पूरी होगी और जल्द ही उसका निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।

जनपद के मंदुरी हवाई पट्टी का चयन रिजनल कनेक्टिविटी स्टीम के तहत किया गया है। इसे नो-फ्रिल्स हवाई अड्डे के रूप में परिवर्तित करने का कार्य पूरा हो चुका है। लगभग 20 करोड़ की लागत से हवाई पट्टी को हवाई अड्डे में परिवर्तित करने के लिए सुविधाओं का विकास किया गया है।

प्रदेश सरकार की ओर से यहां से उड़ान शुरू होने के लिए सर्टीफिकेशन के लिए आवेदन किया गया है। वहीं, राज्य विवि के लिए लगभग 38 एकड़ भूमि विश्वविद्यालय के नाम की जा चुकी है। लगभग छह हेक्टेयर भूमि खरीद के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।

शासन ने पिछले दिनों राजकीय निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था बनाने के साथ ही जल्द डीपीआर तलब की थी। विवि के नये सत्र में संचालित करने के लिए डीएवी डिग्री कालेज स्थान का भी चयन किया जा चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बहुत जल्द हम यहां से वायु सेवा शुरू करने वाले हैं।

यहां के लोगों को लखनऊ और देश के लिए हवाई सेवा मिलेगी। वहीं विवि का निर्माण भी जल्द शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आजमगढ़ दौरा ऐसे समय पर था जब सीएए को लेकर माहौल गरम है। आजमगढ़ में दो दिन पहले सपा मुखिया और सांसद अखिलेश यादव के लापता होने के पोस्टर चिपकाए गए थे।

उम्मीद थी कि इस मुद्दे को लेकर सीएम अपना रुख स्पष्ट करेंगे पर सीएम ने सिर्फ विकास की बात की और राजनीति पर कुछ नहीं कहा, सीएए से जुड़े सवालों को तो उन्होंने मुस्कुरा कर टाल दिया। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें