शहर के कई मोहल्ले में इन दिनों दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। जिससे लोगों को पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। शिकायत के बाद भी नगर पालिका का जलकल विभाग मूकदर्शक बना है। जिससे लोगों में आक्रोश है। शहर के अनंतपुरा, गुरुटोला, तकापुल आदि मोहल्लों में तीन दिनों से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। सूचना के बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गर्मी शुरू हो चुकी है। ऐसे में दूषित पानी व भोजन के प्रयोग से कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं। इसके बाद भी जलकल विभाग शहर क्षेत्र के कई मुहल्लों में दूषित पानी की सप्लाई कर रहा है। शहर के तकापुल, गुरुटोला व अनंतपुरा मोहल्ले में बीते तीन दिनों से गंदे व दुर्गंध युक्त पेयजल की सप्लाई की जा रही है। करीब छह सौ लोग इससे प्रभावित हैं। लोगों के अनुसार सप्लाई वाले पानी का रंग पीला है। वहीं बाल्टी में पानी भर कर रखने से कुछ ही देर बाद उसमें गंदगी बैठ जा रही है। पानी से दुर्गंध आती है, जिसके चलते उसे पीना संभव नहीं है। गंदा पानी सप्लाई वाले क्षेत्र के लोग पीने के पानी की अन्य जगहों से व्यवस्था करने को विवश हैं।
तीन दिन से गंदा पानी आ रहा है, जिसके चलते पीने के लिए डिब्बा वाला पानी लेना पड़ रहा है। पाइप लाइन में लीकेज के चलते यह स्थिति है, देखते हैं कब तक जलकल विभाग शुद्ध पानी की सप्लाई करता है।
गौरव, स्थानीय निवासी।
तकापुल के पास पाइप लाइन में संभवत लीकेज है, जिसके चलते घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है। पानी से दुर्गंध उठ रहा है तो वहीं सप्लाई वाला पानी पीला पन लिए हुए है। पीने के पानी की समस्या खड़ी हो गई है।
सचिन जायसवाल, स्थानीय निवासी।
नपा प्रशासन जनता को मानक के अनुरूप सुविधाएं नहीं मुहैया करा पा रहा है। अनंतपुरा-गुरूटोला मुहल्ले में जहां गंदगी का अंबार लगा हुआ है तो वहीं अब पीने के लिए दूषित पानी की सप्लाई हो रही है।
वरूण, स्थानीय निवासी।
मुहल्ले में गंदा पानी सप्लाई होते हुए तीन दिन हो चुके हैं लेकिन अब तक जिम्मेदार मूकदर्शक बने हैं। पाइप लाइन के लीकेज को ठीक करा कर शुद्ध पेयजल की सप्लाई की व्यवस्था करने में जिम्मेदार रुचि नहीं ले रहे है।
विशाल सिंह, स्थानीय निवासी।
पाइप लाइन से गंदे पानी की सप्लाई होने की अब तक कोई सूचना नहीं है। स्थानीय सभासद ने भी इस बाबत जानकारी नहीं दी है। यदि लीकेज के चलते गंदे पानी की सप्लाई हो रही है तो टीम भेज कर जांच करायी जाएगी और लीकेज को जल्द ठीक कराया जाएगा।
- निधि राय, जेई जलकल।